मथुरा में देह व्यापार का खुलासा, पॉश कॉलोनी में किराए पर ले रखा था फ्लैट, लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर बुलाया था मथुरा
मथुरा के थाना हाईवे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक पॉश कॉलोनी में छापा मारकर अवैध रूप से चल देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। यहां भरतपुर का रहने वाला युवक किराए पर फ्लैट लेकर इस काम को अंजाम दे रहा था। युवक ने इस काम को अंजाम देने के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश से लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर मथुरा बुलाया।
गोवर्धन रोड पर स्थित कॉलोनी का मामला
थाना हाईवे क्षेत्र के गोवर्धन रोड पर स्थित पॉश कॉलोनी राधा विंटेज में पुलिस को सूचना मिली कि यहां अवैध रूप से देह व्यापार को अंजाम दिया जा रहा है। सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद कॉलोनी वासियों ने बताया किराए पर रह रहे युवक द्वारा देह व्यापार को अंजाम दिया जा रहा है। जिससे कॉलोनी का माहौल खराब हो रहा है। इसके बाद पुलिस ने बताए गए फ्लैट पर छापा मारा।
मौके से 3 लड़कियों को किया रेस्क्यू
पुलिस ने मिशन शक्ति फेज 5 अभियान के अंतर्गत चलाए जा रहे ऑपरेशन रक्षा के तहत कार्यवाही करते हुए राधा विंटेज कॉलोनी के उस फ्लैट पर छापा मारा जहां इस काम को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस ने फ्लैट में से 3 लड़कियों को बरामद किया। लड़कियों ने पुलिस को बताया कि उनको नौकरी देने के नाम पर यहां बुलाया गया था। लेकिन जबरन उनसे गलत काम कराया जा रहा था। पुलिस ने तीनों लड़कियों को रेस्क्यू कर उनको वापस घर भेज दिया।
पुलिस ने कॉलोनी में 8 दिन पहले किराए पर फ्लैट लेने वाले भरतपुर के कुम्हेर कस्बे के रहने वाले जोगेश पुत्र सुरज सिंह को गिरफ्तार कर लिया। जोगेश ही इस किराए के फ्लैट में देह व्यापार को अंजाम दे रहा था। जोगेश ने पुलिस को बताया कि उसका काम नहीं चल रहा था इसलिए वह इस अवैध काम को अंजाम देने लगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 143(3) में मुकद्दमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
