फतेहपुर में 50 हजार की इनामी ठगनी गिरफ्तार: 8 साल से फरार महाठग राजेश मौर्या की पत्नी का पर्दाफाश
फतेहपुर पुलिस और एसटीएफ ने 50 हजार रुपये की इनामी महिला पूजा मौर्या को गिरफ्तार किया है। पूजा मौर्या, महाठग राजेश मौर्या की पत्नी, करीब आठ वर्षों से फरार चल रही थी और उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। राजेश मौर्या पर करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप है, जिसमें वह लोगों को पैसा दोगुना करने का झांसा देकर विभिन्न राज्यों में अपना नेटवर्क चला रहा था।
पुलिस के अनुसार, पूजा मौर्या ठगी के कार्य में अपने पति का बराबर साथ देती थी। थाना सुल्तानपुर घोष, जनपद फतेहपुर में पंजीकृत मामलों में वह वांछित थी। पुलिस ने उसे एसटीएफ के सहयोग से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पूजा मौर्या पर 2016 में पंजीकृत विभिन्न आपराधिक मामलों के तहत धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।फतेहपुर पुलिस ने इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता माना है, क्योंकि पूजा मौर्या लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में थी।