आरएलडी-बीजेपी गठबंधन पर भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष का बड़ा बयान, चौधरियों से ले लेनी चाहिए थी सलाह, पश्चिम में बीजेपी को मिलेगी संजीवनी, रालोद को होगा नुकसान
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि जयंत चौधरी को भाजपा में शामिल होने से पहले चौधरियों से सलाह ले लेनी चाहिए थी। इससे भाजपा को पश्चिम में संजीवनी मिल जाएगी। लेकिन रालोद को नुकसान होगा।
दरअसल, आपको बता दे की भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत बागपत के बिजरौल गांव में बाबा शाहमल सिंह मावी के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुँचे थे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान नरेश टिकैत ने कहा कि चौधरी चरणसिंह को केंद्र सरकार ने भारत रत्न देकर बहुत अच्छा कार्य किया है। लेकिन भाजपा को चाहिए कि वह उनकी नीतियों पर भी चले। जयंत चौधरी के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमे इस बात का मलाल है। जयंत चौधरी को एनडीए में जाने से पहले चौधरियों से सलाह ले लेनी चाहिए थी। भाजपा में तेज तर्रार दिमाग के लोग है, वे हर तरह के हथकण्डे अपनाते हैं। इससे भाजपा को पश्चिम में संजीवनी तो मिलेगी, लेकिन रालोद को नुकसान भी होगा। उन्होंने कहा कि उनका राजनीति से कोई मतलब नहीं है, लेकिन लोगों की भावनाओं की सभी को कद्र करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 10 साल पहले भाजपा ने गन्ने का 450 रुपये प्रति कुंतल का भाव देने का वायदा किया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। देश के राजा को झूठ नहीं बोलना चाहिए। किसानों के हक़ के लिए पहले भी किसान आंदोलन चला और आगे भी जारी रहेगा।