संभल मे मुलायम के खिलाफ चुनाव लड़े भाजपा नेता की हत्या, बाइक सवार युवकों ने पेट में जहरीला इंजेक्शन लगाया, तड़पते हुए गई जान
संभल में भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की जहरीला इंजेक्शन देकर हत्या कर दी गई। वारदात को बाइक से आए 3 युवकों ने अंजाम दिया। इंजेक्शन लगने के बाद गुलफाम सिंह तड़पने लगे। इसके बाद उन्हें CHC ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मामला तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव दबथरा हिमाचल का है। हत्या के बाद पुलिस बाइक सवार तीनों युवकों की तलाश में जुटी है। गुलफाम सिंह यादव (65) ने 2004 के विधानसभा उपचुनाव में मुलायम सिंह यादव के खिलाफ गुन्नौर से चुनाव लड़ा था। गुलफाम सिंह के घर वालों ने बताया- सोमवार दोपहर वह अपने घर में, जहां उनके पशु बंधे थे, वहीं बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार 3 युवक आए। भाजपा नेता से बातचीत करने के दौरान उनके पेट में जहरीला इंजेक्शन लगा दिया और भाग गए। गुलफाम सिंह के चीखने-चिल्लाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद उनको इलाज के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर गए। जहां हालत गंभीर पर उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। लेकिन, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। भाजपा नेता की मौत की सूचना मिलने के बाद उनके समर्थकों का गांव पहुंचना शुरू हो गया है। वहीं, परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर भारी पुलिस फोर्स मौजूद है। एसपी कृष्ण विश्नोई भी मौके पर हैं। लोगों से पूछताछ की जा रही है। एसपी ने बताया- भाजपा नेता की हत्या की गई है। उनको जहरीला इंजेक्शन दिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। आसपास के CCTV खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।