Type Here to Get Search Results !

भाजपा के लोग समाज मे बिछा रहे बारूद-अखिलेश यादव


    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कटेहरी विधानसभा उपचुनाव में विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया। अखिलेश यादव ने कटेहरी विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन की प्रत्याशी श्रीमती शोभावती वर्मा को भारी मतों से जिताने की अपील की।

    अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ने लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन को रिकार्ड मतों से जिताकर भाजपा को यूपी में नम्बर दो की पार्टी बना दिया। जबसे भाजपा लोकसभा चुनाव हारी है, इनके नेताओं को नींद नहीं आ रही है। प्रदेश में नौ सीटों पर हो रहा उपचुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। भाजपा उपचुनाव तो हारेगी ही, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव भी हारेगी उसके बाद मुख्यमंत्री जी कुर्सी छिन जायेगी। मुख्यमंत्री जी समाज में नफरत का बारूद बिछा रहे हैं। भेदभाव कर रहे हैं वहीं दूसरी तरफ उन्हीं की पार्टी के लोग उन्हें हटाने के लिए उनकी कुर्सी तक सुरंग खोद रहे हैं। इनके डिप्टी सीएम दिल्ली का गाना बजा रहे है।

 अखिलेश यादव ने कहा कि जबसे समाजवादी पार्टी ने पीडीए का नारा दिया है। मुख्यमंत्री जी घबराए हुए है। भाजपा सरकार ने पीडीए को कुछ नहीं दिया। पीडीए से नफरत करते हैं। अब तो इन्होंने किसानों से डीएपी और अन्य खादे भी छीन ली। अभी तक बोरी में चोरी करते थे अब पूरी बोरी ही गायब कर दिए है। यह सरकार किसानों को खाद नहीं दे पा रही है। खाद की कालाबाजारी हो रही है।

   अखिलेश यादव ने कहा कि आज किसानों का समर्थन समाजवादी पार्टी के साथ है। हम सड़क से संसद तक किसानों की लड़ाई लड़ेंगे। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों के हित में बड़े फैसले लेंगे। उनकों आगे बढ़ाने का काम करेंगे। ये जो अंग्रेजों के विचार वंशी है सब उल्टा काम कर रहे है। समाज में नफरत घोल रहे है। कटुता फैला रहे हैं। दूरियां पैदा कर रहे हैं। पीडीए की एकजुटता से डरे है। उपचुनाव में हार के डर से हिले हुए है। मुख्यमंत्री जी अब अधिकारियों को आगे कर चुनाव लड़ना चाहते है। लेकिन इस बार जनता और समाजवादी पार्टी तैयार है। जनता भाजपा को हरायेगी।

  अखिलेश यादव ने कहा कि यह उपचुनाव 2027 के विधानसभा चुनाव का संदेश है। हर वर्ग भाजपा से नाराज है। सभी ने देखा कि प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षाओं के नौजवान भाजपा सरकार के साजिश के खिलाफ लोकसेवा आयोग के सामने धरने पर बैठ गए और सरकार को झुकाने का काम किया। भाजपा के लोग डरे हुए है। ये जनता का सामना नहीं कर सकते है। इन्हांेने जनता के लिए कोई काम नहीं किया। भाजपा की लखनऊ और दिल्ली की सरकारों ने मुनाफाखोरी करके महंगाई बढ़ाई है। आज बाजारों में जो महंगाई है, वह भाजपा की देन है। महंगाई के कारण लोग खुशी से त्योहार भी नहीं मना पाये। किसानों को बिजली का बिल महंगा देना पड़ रहा है। भाजपा ने स्वास्थ्य सेवाएं बर्बाद कर दी। अस्पतालों को चौपट कर दिया। गरीब को इलाज नहीं मिल रहा हैं। जिस तरह से गोरखपुर में ऑक्सीजन की कमी से इस सरकार में बच्चों की मौत हुई थी। उसी तरह से भाजपा सरकार की नाकामी से झांसी मेडिकल कॉलेज में मेंटेनेंस न होने से शार्ट सर्किट की वजह से 10 बच्चों की मौत हो गयी। कई बच्चे झुलस गए। इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। भाजपा ने सब कुछ बर्बाद कर दिया है।

    अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जनता को डराकर, दबाव डालकर वोट लेना चाहती है। भाजपा जनता का अधिकार छीनना चाहती है। वोट देने का अधिकार छीनकर भाजपा बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर के बनाए संविधान को कमजोर कर रही है। इस वोट के अधिकार की वजह से लोकतंत्र है। अगर भाजपा वोट डालने से रोकेगी तो हम समाजवादी लोग हर तरह की लड़ाई लड़ेंगे और वोट जरूर डालेंगे।

  अखिलेश यादव ने जनता से हर हालत में वोट डालने की अपील करते हुए कहा कि अगर वोट डालने से कोई एक बार रोके तो दोबारा जाना, अगर फिर रोके तो तीसरी बार जाना लेकिन वोट जरूर डालना है। समाजवादी लोग घबराते नहीं है। काउंटिंग के दिन तक लड़ते है। ये चुनाव समाजवादी पार्टी का है। मुख्यमंत्री जी विकास की बात नहीं करते है। उनके पास आम जनता को बताने के लिए कोई काम नहीं है। वे केवल समाजवादियों को बुरा-भला बोलते रहते है। समाजवादी सरकार में विकास के काम हुए थे। पुलिस के लिए 100 नम्बर वाले तत्काल समस्या का समाधान करते थे अब थाने बुलाकर हिसाब किताब करते है। भाजपा ने सारी व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है।

    इससे पहले अयोध्या एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए  अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी और भाजपा के नेता डरे हुए है। भाजपा के नेता जिस तरह की भाषा बोल रहे है, पहले इसी तरह की भाषा का प्रयोग अंग्रेज करते थे। अंग्रेजों ने फूट डालो, राज करो की नीति पर काम किये थे, अब भाजपा भी वहीं कर रही है।

    अखिलेश यादव ने कहा कि वस्त्रों से कोई योगी नहीं बनता है। भाषा, व्यवहार और विचार से योगी बनते है। भाजपा के लोग समाज में नफरत फैला रहे है। सौहार्द खत्म करने का प्रयास कर रहे है। मुख्यमंत्री जी पीडीए से घबराये हुए है। समाज जुड़ेगा, भाजपा को हरायेगा।

    अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को पैदावार की कीमत नहीं मिल रही है। नौजवानों के लिए नौकरी, रोजगार नहीं है। पढ़े-लिखे प्रतियोगी छात्रों को धरना देना पड़ रहा है। जो वन नेशन वन इलेक्शन की बात करते है, वे एक साथ एक परीक्षा नहीं करा सकते हैं। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। जनता के बुनियादी सवाल वहीं है। भाजपा के एजेण्डे में नौकरी और रोजगार नहीं है। भाजपा परीक्षा टालती है। डेट बदलती है। परीक्षा उलझाती है। इस बार किसान, नौजवान, व्यापारी हर वर्ग के लोग भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए तैयार है।

   अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा तमाम हथकंडे अपनाने के बाद भी मिल्कीपुर चुनाव हार रही थी, इसीलिए चुनाव टाल दिया है। जिन्होंने चुनाव टाला है वह हारेंगे। उन्होंने कहा कि झांसी की घटना सरकार की लापरवाही है। जब गोरखपुर की घटना हुई थी तभी सावधान हो जाना चाहिए था। सरकार मेडिकल कॉलेज को पर्याप्त बजट नहीं दे रही है। सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं करती है। सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।

      

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad