मथुरा में दिनदहाड़े यमुना एक्सप्रेस वे के लिंक रोड पर लूटे 12 लाख रुपए, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र में दिन दहाड़े अज्ञात बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। यमुना एक्सप्रेस वे के सर्विस रोड पर बदमाशों ने एक्सप्रेस वे पर संचालित कैंटीनों से कलेक्शन कर ला रहे कर्मचारी को अपना शिकार बनाया। बदमाश 12 लाख रुपए लूट कर फरार हो गए। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
थाना जमुनापार क्षेत्र के वृंदावन कट के समीप यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 104 पर कलेक्शन कर्मचारी गोपाल प्रसाद कलेक्शन कर करीब 12 लाख रुपए लेकर आ रहा था। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने उसे हथियार दिखाए और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
दिन दहाड़े हुई लूट की वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। एस पी सिटी अरविंद कुमार,सी ओ सदर संदीप सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित से वारदात की जानकारी ली। जिसके बाद मौके पर SOG,सर्विलांस टीम को बुलाया गया। फिलहाल पुलिस लूट करने वाले बदमाशों की तलाश कर रही है।