सपा सांसद आदित्य यादव का बयान
इटावा: समाजवादी पार्टी के बदायूं सांसद और अखिलेश यादव के चचेरे भाई आदित्य यादव एक कार्यक्रम में शामिल होने इटावा पहुंचे। मिडिया से बात करते हुए उन्होंने सरकार पर हमला बोला। इसी के साथ उन्होंने यूपी, महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया।
समाजवादी पार्टी के बदायूं लोकसभा से सांसद आदित्य यादव ने कहा कि यूपी उपचुनाव में मैं बड़ी जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं। यूपी की जितनी भी सीटों पर उपचुनाव होने जा रहा है। पूरी जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं कि इंडिया गठबंधन और समाजवादी पार्टी के सभी प्रत्याशी जीत हासिल करेंगे।
पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है जो भ्रष्टाचार चरम पर फैला हुआ है। कहीं पर भी जनता को लूटने में अंकुश नहीं लग रहा है। हर वर्ग में सरकार को लेकर रोष व्याप्त है। इसका असर सीधे तौर पर यूपी के विधानसभा की उपचुनाव में दिखाई देगा। बड़े अंतर से समाजवादी पार्टी के सभी प्रत्याशी बड़े अंतर से चुनाव जीतेंगे। समाजवादी पार्टी ने अभी से ही नहीं बल्कि काफी समय इसके लिए कमर कस ली है। समाजवादी पार्टी बूथ स्तर तक के संगठन को खड़ा करके चुनाव में उतरने जा रही है।
महाराष्ट्र में हाल ही में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड पर बोलते हुए आदित्य यादव ने कहा कि, महाराष्ट्र के जाने-माने नेता की सरेआम सड़क पर उनकी हत्या कर दी गई। वहां की कानून व्यवस्था की क्या स्थिति है इस पर सभी को समझ में आ रहा होगा। पूर्व में हमारे देश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाली मुंबई के अंदर यह सारी घटनाएं हो रही हैं तो यह सवालिया निशान कहीं ना कहीं मौजूदा सरकार पर उठना लाजिमी है।
महाराष्ट्र में कहने को तो डबल इंजन की भाजपा सरकार है लेकिन वहां भी डबल इंजन पूरी तरह से फेल हो चुका है। जनता निश्चित तौर पर इंडिया गठबंधन को हर जगह जीतने जा रही है। दिल्ली में हमारी मुलाकात शिवसेना के नेताओं से हुई। वह लोग भी पूरी तरह से अस्वस्थ हैं कि जनता उनका पूरी तरह से साथ देने जा रही है।
झारखंड पर बोलते हुए आदित्य यादव ने कहा कि आप लोगों को पता ही होगा की मौजूदा मुख्यमंत्री पद को खत्म करके मुख्यमंत्री को हटाकर झूठे मामलों में जेल भेज दिया गया। इन सब चीजों का जनता इस बार हिसाब चुकाने जा रही है।
महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी को गठबंधन की ओर से सीट मिलने के सवाल पर आदित्य यादव ने कहा कि, इस मुद्दे पर शीर्ष नेता की बात चल रही है। अखिलेश यादव जी ने जब भी मौका पड़ा है तो अपना बड़ा दिल दिखाया है। उन्होंने हमेशा पार्टी से ज्यादा जनता की बात को सुना है। गठबंधन का उन्होंने साथ दिया है। मैं समझता हूं महाराष्ट्र लेजिसलेटिव असेंबली में पहले भी और आज भी हमारे विधायक रहे हैं। समाजवादी पार्टी का निश्चित तौर पर जनाधार महाराष्ट्र में रहा है। तो निश्चित तौर पर कांग्रेस बड़ा दिल दिखाते हुए गठबंधन को इस तरह कायम रखेगी।
सरकार द्वारा एमएसपी बढ़ाए जाने के सवाल पर आदित्य यादव ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश और देश के अंदर जो खिसकता हुआ जन आधार है यह उसकी घबराहट है। जिस वजह से आज एम एस पी बढ़ाई जा रही है। जिस एम एस पी के लिए 800 किसानो ने दिल्ली घेरने के दौरान अपनी जान दे दी। उस समय एमएसपी को नहीं बढ़ाया, लेकिन आज जब चुनाव आ रहा है तो एमएसपी बढ़ाई जा रही है। इसके पीछे यह माना जाए कि महाराष्ट्र और झारखंड में उनकी स्थिति बहुत खराब रही है। जनता को लुभाने के लिए यह सारी चीज की जा रही हैं। जनता इनके मंसूबे समझ चुकी है। हमें पूरा भरोसा है इंडिया गठबंधन की बड़े अंतर से जीत होने जा रही है।