मेरठ के मुख्तार सिंह राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में एक साथ 78 छात्राओं के फेल होने का मामला बढ़ता ही जा रहा है। आज राजकीय पॉलिटेक्निक के HOD अरुण कुमार गौतम के खिलाफ छात्राओं से अमर्यादित तरीके से बातचीत की शिकायत पर विभागीय मंत्री आशीष पटेल ने उसको सस्पेंड कर दिया है।साथ ही डीएम को शिकायतों की जांच करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, मेरठ के मुख्तार सिंह राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में पढ़ने वाली छात्राओं की कई विषयों में बैक आई, तो कई छात्राएं फेल हो चुकी हैं। एक साथ इतनी संख्या में छात्राओं के नंबर कम आने, फेल होने से कॉलेज प्रशासन भी परेशान है। ऐसा कैसे हो गया। कुल 104 में से 78 लड़कियों की बैक और फेल हैं। छात्राओं ने पूरे मामले में लगातार हंगामा किया है और अपने हक की आवाज उठा रही हैं। वहीं छात्राओं का आरोप है कि जब वो अपने एचओडी के पास ये समस्या लेकर पहुंची तो एचओडी ने कहा कि सुंदर लड़कियां यहां रहें बाकी लड़कियां यहां से चली जाएं। दूसरे कॉलेजों में जाकर बीए, बीएससी कर लें।
इस पूरे मामलें में ABVP भी लगातार छात्राओं के साथ खड़े होकर प्रदर्शन कर रहा है। लगातार कॉलेज में हंगामा हो रहा है। वहीं दूसरी तरफ HOD के अभद्र टिप्पणी से नाराज छात्राओं ने उसके खिलाफ दौराला थाने में लिखित तहरीर दी है। जिसमें एचओडी के कमेंट का जिक्र किया गया है। वहीं छात्राओं के हंगामा करने पर कॉलेज में दौराला थाना पुलिस जांच के लिए पहुंची। दोराला पुलिस ने छात्राओं को शांत कराया। अब उसके बाद सपा प्रमुख अखलेश यादव ने भी X पर पोस्ट करके मामले को और सुर्ख बना दिया है।