Type Here to Get Search Results !

अखिलेश ने झोंकी ताकत,जोश में कार्यकर्ता

 समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी  धर्मेन्द्र यादव के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए ऐतिहासिक वोटो से जिताने की अपील की।



    अखिलेश यादव ने कहा कि पूर्वांचल की जनता भाजपा का सफाया करने जा रही है। पूर्वांचल में जिस तरह का माहौल है, उससे भाजपा का सभी सीटें हारना तय है। इस बार भाजपा वाराणसी भी हार जायेगी। इंडिया गठबंधन सभी सीटों पर बहुत आगे है। चार जून को जब मतगणना होगी तो एक फिल्म रिलीज होगी। उसका नाम होगा एक थी भाजपा।

   अखिलेश यादव ने कहा कि इस लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को ऐसी मात देगी कि इनको कुछ समझ में नहीं आयेगा। आजमगढ़ में चुनाव अलग तरह का है। चुनाव में आजमगढ़ के लोग रिकार्ड मतों से जिताएंगे।

    अखिलेश यादव ने कहा कि आजमगढ़ का नाम लेते ही भाजपा नेताओं को परेशानी हो जाती है। आजकल उनके नेताओं की भाषा बदल गयी है। अन्दर अन्दर डरे हुए है। जिस तरह से पहले चरण से वोट पड़ना शुरू हुआ है। देश 140 करोड़ की जनता भाजपा को 140 सीट के लिए तरसा देगी।

    अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा हर चरण में नीचे जा रही। हर चरण में भाजपा को लेकर जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सातवें चरण में जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर होगा। भाजपा नेताओं ने बड़ी-बड़ी बातें करके जनता को गुमराह किया। किसान की आय दोेगुनी नहीं हुई। खेती की लागत बढ़ गयी है। लगातार महंगाई बढ़ाकर किसानों, गरीबों का जीवन संकट में डाल दिया है। भाजपा सरकार ने दस साल में बड़े-बड़े उद्योगपतियों के लिए नीतियां बनायी। उनका 25 लाख करोड़ का कर्ज माफ कर दिया लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। भाजपा किसान विरोधी है। तीन काले कानून लाकर भाजपा सरकार ने किसानों की फसल और जमीन छीनने की साजिश रची। किसानों ने आंदोलन किया। एक हजार किसान शहीद हुए। किसान लगातार आंदोलन करते रहे और इस सरकार को पीछे हटना पड़ा। भाजपा सरकार ने किसानों को बहुत अपमानित किया। एमएसपी का कानूनी अधिकार नहीं दिया।

  अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन सरकार किसानों का कर्ज माफ करेगी। साथ ही किसानों को उनकी फसलों का एमएसपी का कानूनी अधिकार दिलायेगी। भाजपा सरकार ने नौजवानों से झूठे वादे किये। नौकरी रोजगार नहीं दिया। इस सरकार में दस से ज्यादा भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हो गये। इन्होंने जानबूझकर पेपर लीक कराया। भाजपा ने लाखों नौजवानों का भविष्य बर्बाद किया है। ये सरकार नौकरी और आरक्षण नहीं देना चाहती है। इसी नीयत ठीक नहीं है। इन्होंने निवेष के नाम पर बड़े-बड़े आयोजन किये। सिर्फ गुमराह किया। धोखा दिया। कोई निवेश जमीन पर नहीं आया। पूर्वांचल में एक भी कारखाना नहीं लगा। निवेश के झूठे आंकड़े दिखाये गये।

    अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन सरकार विभिन्न विभागों में खाली पड़े तीस लाख सरकारी पदांे को आरक्षण देकर भरेगी। नौजवानों को नौकरी देगी। भाजपा सरकार ने सेना में नौजवानों की नौकरी को अग्निवीर योजना कर दिया। इंडिया गठबंधन की सरकार अग्निवीर योजना स्वीकार नहीं करेगी। इस योजना को खत्म कर नौजवानों को पहले की तरह सेना की पक्की नौकरी देगी। भाजपा के सारे वादे झूठे है। इनकी गारन्टी भी झूठी है। भाजपा ने महंगाई, बेरोजगारी बढ़ा दी है। महंगाई बढ़ाकर मुनाफा कमाया। हर चीज के दाम बढ़ा दिये। महंगाई से पूरा देश परेशान है। साइकिल से लेकर मोटर साइकिल के दाम बढ़ा दिये। यह चुनाव आने वाली पीढ़ी के भविष्य, लोकतंत्र, संविधान को बचाने का चुनाव है। भाजपा 400 सीट जीतकर संविधान बदलना चाहती है। बाबा साहब के संविधान से वोट का अधिकार, आरक्षण और न्याय, पढ़ाई, लिखाई नौकरी का अधिकार मिला है। भाजपा की साजिश से सावधान रहना है। भाजपा सब कुछ छीनना चाहती है। संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकार को बचाने के लिए भाजपा को हर हालत में हराना है। दूसरों को भ्रष्टाचार कहने वाले भाजपा के लोग सबसे बड़े भ्रष्टाचारी निकले है। इलेक्टोरल बांड के नाम पर देश भर में उद्योगपतियों, व्यापारियों, कम्पनियों से वसूली की। हजारों करोड़ रूपये वसूला। सरकारी संस्थाओं ईडी, सीबीआई, आईटी से छापे डलवाकर वसूला। इतिहास में ऐसी वसूली कभी नहीं हुई थी। भाजपा सरकार ने वैक्सीन बनाने वाली कम्पनी से भी चंदा ले लिया। चंदा लेकर सभी को वैक्सीन लगवा दी। कर्मचारियों को जबरदस्ती वैक्सीन लगवा दी। अब वैक्सीन को लेकर गंभीर रिपोर्ट आयी है। लोगों को बीमारियां हो रही है। वैक्सीन बनाने वाली कम्पनी बाजार से वैक्सीन वापस ले रही है लेकिन जो वैक्सीन शरीर में लग गयी वह कैसे वापस होगी?

    अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के फैसले से देश और देश की जनता को बहुत नुकसान हुआ है। भाजपा की चुनावी चंदा वसूली से महंगाई और भ्रष्टाचार बहुत बढ़ गया है। इनकी कथनी और करनी हमेशा अलग रही है। इन पर विश्वास नहीं किया सकता है। इस सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को डुबो दिया। उद्योगपतियों और अमीरों के लिए नीतियां बनाती है। किसानों, मध्यम वर्ग, गरीबों को लूटने का काम किया। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस, खाने पीने की चीजों के दाम बढ़ाकर कम्पनियों को मुनाफा दिलाया। देश की जनता को महंगाई बढ़ाकर लूट लिया गया। बदले में भाजपा ने चुनावी चंदा वसूल लिया।

   अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने लोगों को संकट में डाला है। अब अधिकार छीनना चाहती है। संविधान बदलने की बात कह रही है। भाजपा सरकार कभी भरोसे के लायक नहीं रही है। अचानक आधी रात को नोटबंदी कर दिया। हवाई अड़डे बेच दिये। बंदरगाह बेच दिया। रेलवे स्टेशन बेच दिया। तमाम कम्पनियों को निजी हाथों में बेंच दिया। क्या किसी को पता था कि सब कुछ बिक जायेगा। भाजपा ने लोगों की नौकरी और आरक्षण छीना।

    अखिलेश यादव ने कहा कि बसपा ने भाजपा से अंदर ही अंदर हाथ मिला लिया है। इसलिए बहुजन समाज के लोग सावधान होकर बाबा साहब के संविधान को बचाने के लिए इंडिया गठबंधन को जिताएं। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ से समाजवादियों का गहरा रिश्ता है। समाजवादी पार्टी की सरकार मेें आजमगढ़ में प्राथमिकता से विकास कार्य हुए है। एक्सप्रेस-वे दिया। मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, स्कूल सब दिया। समाजवादी लोग हमेशा आजमगढ़ का सम्मान करेंगे। विकास और खुशहाली के लिए काम करेंगे।

   अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा से सावधान रहना है। वह बूथ लूटने के नए-नए तरीके अपनाती है। इसलिए सभी लोग सतर्क रहे। अपने वोट और बूथ की रक्षा करे। हर हालत में बूथ पर पहुंचकर वोट डालकर धर्मेन्द्र यादव ऐतिहासिक मतों से जितायें।

    धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि आजमगढ़ को नेताजी अपनी धड़कन मानते थे। दिल के करीब मानते थे। आजमगढ़ की सेवा करना सौभाग्य की बात है। मै आजमगढ़ के लोगों के मान-सम्मान, स्वाभिमान की लड़ाई को मजबूती से लड़ने का काम करूंगा। संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण बचाने की राष्ट्रीय अध्यक्ष  अखिलेश यादव की लड़ाई को मजबूती प्रदान करेंगे।

जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए पूर्वमंत्री एवं विधायक  दुर्गा प्रसाद यादव, एमएलसी  शाह आलम उर्फ गुड्डु जमाली, विधायक संग्राम यादव, विधायक  एचएन सिंह पटेल, विधायक  नफीस अहमद,  रामआसरे विश्वकर्मा, जिलाध्यक्ष  हवलदार यादव, प्रो0 लक्ष्मण यादव, राजीव राय, सुधा राय, चेयरमैन बिलरियागंज कोमल पासवान समेत अन्य नेताओं ने धर्मेन्द्र यादव को रिकार्ड मतों से जिताने की अपील की।

    इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सर्वश्री बलराम यादव, पूर्व सांसद कमला प्रसाद यादव, पूर्व सांसद नंद किशोर यादव, पूर्व सांसद कैसरजहां, विधायक अखिलेश यादव, एमएलसी जासमीर अंसारी, विधायक पूजा सरोज, पूर्व एमएलसी राकेश यादव गुड्डू, पूर्व विधायक अभय नारायण पटेल, सिबगतुल्ला अंसारी, विद्या चौधरी, दयाराम प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, आदित्य यादव, करूणा कान्त मौर्या समेत अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे।

              

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad