Type Here to Get Search Results !

लोकसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने दिया बड़ा संदेश

 


समाजवादी पार्टी के मुख्यालय, लखनऊ में आज समाजवादी बाबा साहेब अम्बेडकर वाहिनी, समाजवादी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा, समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिलों के पदाधिकारियों की बैठक डा0 लोहिया सभागार में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इसमें लोकसभा चुनाव-2024 की तैयारी पर चर्चा के साथ बूथ स्तर तक संगठनात्मक स्थिति की रिपोर्ट ली गई।

    सभी प्रकोष्ठो के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में अखिलेश यादव के नेतृत्व में भाजपा को 80 लोकसभा सीटों पर हराकर पीडीए की सरकार बनाने का रास्ता प्रशस्त करने का संकल्प लिया। बैठक में समाजवादी सरकार की उपलब्धियों तथा विकास कार्याे की सराहना के साथ भाजपा की जनविरोधी नीतियों पर आक्रोश व्यक्त किया गया।

    इस अवसर पर अपने सम्बोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि यह समय लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए संघर्ष करने का है। भाजपा की रणनीति विपक्षी नेताओं को बदनाम और अपमानित करने की है। उन्होने कहा कि यह सुनिश्चित है कि पीडीए ही एनडीए का हराएगा। तभी सामाजिक न्याय स्थापित हो सकता है। हमारी एकजुटता ही भाजपा को केन्द्र से बेदखल करेगी।

   अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा आरक्षण की व्यवस्था को तहस नहस करने पर तुली है। इंडिया गठबन्धन को मजबूत करने की जिम्मेदारी समाजवादी पार्टी पर है। संवैधानिक संस्थाओ का निष्पक्ष और सशक्त बनाना जरूरी हैं।

    उन्होने सभी पदाधिकारियोें तथा कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव में सभी को प्रत्येक सप्ताह में पांच दिन लोकतंत्र को बचाने के लिए देने का आव्हान किया।

    अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा इस समय सबसे कमजोर स्थिति में है। वह संवैधानिक संस्थाओं को अपने प्रकोष्ठ की तरह प्रयोग कर रही है। लोकसभा का यह चुनाव नौजवानों, किसानों के भविष्य को बचाने का चुनाव है। इस चुनाव में एक तरफ समाजवादी लोग हैं जो संविधान और लोकतंत्र के रक्षक है। दूसरी तरफ भाजपा है जो संविधान की भक्षक है। संविधान खत्म करना चाहती है।

   अखिलेश यादव ने कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी चरम पर है। भाजपा सरकार में महिलाएं, बच्चियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं। पढ़ा लिखा नौजवान बेरोजगार है। भाजपा ने निवेश और ग्राउन्ड सेरमनी के नाम पर झूठे दावे किए। यूपी में कही निवेश जमीन पर नहीं दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री जी यूपी से चुनकर जाते हैं लेकिन निवेश गुजरात में कराते है। उद्योगपति यूपी में निवेश को तैयार नही है।

  अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों से झूठे वादे किए। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। सरकार ने वादा करके किसानों को एमएसपी की गारंटी नहीं दी। समाजवादी पार्टी सत्ता में आएगी तो किसानों का पूरा कर्ज माफ होगा। कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल होगी। नौजवानों को सेना में पूरी नौकरी दी जायेगी।

   अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा की सरकार युवाओं को नौकरी नहीं देना चाहती है। इसीलिए जानबूझकर भर्तियों के पेपर लीक करती है। सरकार की नीयत नौजवानों को नौकरी देने की नहीं है। यह सरकार इतनी अक्षम है कि कोई परीक्षा पारदर्शिता और ईमानदारी से नहीं करा सकती है। भाजपा सरकार में पुलिस भर्ती के साथ कई पेपर लीक हो चुके है। भाजपा ने पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल हुए 60 लाख नौजवानों का भविष्य अंधकार में डाल दिया। नौजवानो में नाराजगी और आक्रोश है। लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पडेगा। नौजवान और किसान भाजपा को यूपी की सभी 80 सीटें हरायेंगे।

    प्रदेश और देश की जनता देख रही है कि भाजपा की तरफ से लोकतंत्र खत्म करने पर अमादा हैं। चंडीगढ़ में वोटों की लूट की गयी अगर चुनाव बैलेट से नही हुआ होता तो पता भी नहीं चलता।

    विधायकों को लालच देकर प्रलोभन और पैकेज देकर तोड़ रही है। भाजपा विधायक खरीद सकती है। लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा का सफाया कर देगी। उन्होंने कहा है कि जो विधायक धोखा देकर गये हैं वे धोखेबाज है। जब क्षेत्रों में जाएगें तब जनता इनसे हिसाब करेगी।

    बैठक में पूर्व मंत्री  रामगोविन्द चौधरी एवं राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल तथा  राजेन्द्र कुमार विधायक विशेष रूप से उपस्थित थेे। इनके अतिरिक्त समाजवादी बाबा साहेब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती, प्रदेश अध्यक्ष संतोष जाटव, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना इकबाल कादरी, प्रदेश अध्यक्ष मो0 शकील नदवी, समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डा0 राजपाल कश्यप, समाजवादी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा0 राहुल भारती तथा प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर चौधरी सहित पिछड़ा वर्ग समीक्षा प्रभारी श्री शशांक यादव पूर्व एमएलसी, समाजवादी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के समीक्षा प्रभारी श्री सर्वेश अंबेडकर तथा समाजवादी बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी के समीक्षा प्रभारी श्री सीएल वर्मा भी उपस्थित थे।        

              

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad