चढ़ावे में नही आया नेकलेस,बिना दुल्हन बैरंग लौटी बारात
हरदोई जिले में दुल्हन लाने का सपना संजोए लखीमपुर खीरी से पहुंचे दूल्हे का सपना टूट गया और बिना दुल्हन के ही वह वापस बारात लेकर बैरंग लौट गया।दरअसल दुल्हन के लिए गले का सोने का हार न लाना दूल्हे को भारी पड़ गया और लड़की ने हार न लाने की वजह से निकाह करने से इंकार कर दिया।
मामला बेनीगंज के हांस बरौली गांव का है। यहां लखीमपुर-खीरी से बारात आई थी। इसमें बारातियों की दुल्हन पक्ष वालों ने आवभगत शुरू की। इसके बाद फिर रस्में शुरू हुईं। जब दूल्हे पक्ष की तरफ से जेवर पेश किए गए तो उसमें गले का हार नहीं था। बस फिर क्या था, लड़की पक्ष की तरफ से औरतों में कानाफूसी शुरू हो गयी।यह बात जब लड़की को पता चली कि उपहार में उसके लिए गले का हार नहीं आया है, तो उसने निकाह करने से साफ मना कर दिया।दिन भर चली पंचायत के बाद जब लड़की पक्ष वाले राजी नहीं हुए तो लड़के वालों ने बेनीगंज कोतवाली में शिकायती पत्र दिया। मौके पर बेनीगंज पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। लड़की पक्ष को समझाने और दबाव बनाने के बावजूद भी जब लड़की निकाह करने को राजी नहीं हुई इसके बाद फिर बारात को बिन दुल्हन के बैरंग ही लौटना पड़ा।