बारात विवाद के बाद हिंसा, पुलिस के भी वाहन क्षतिग्रस्त व पांच पुलिसकर्मी घायल, 21 से अधिक ग्रामीण हिरासत में, दो दिन पूर्व बारात के दौरान डीजे पर डांस को लेकर हुआ था विवाद।
जनपद आजमगढ़ में बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव में 2 दिन पूर्व बारात के दौरान डीजे पर डांस को लेकर घरातियों में ही हुए विवाद ने कल शुक्रवार बीती देर शाम में हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा कि एक मजरे से दूसरे मजरे के बीच तेज गति से म्यूजिक बजाने के रोकने को लेकर हुए विवाद में गांव के दूसरे पक्ष ने वाहन का पिछला शीशा तोड़कर क्षतिग्रस्त कर जान से मारने धमकी देने लगे। सूचना पर डायल 112 पुलिस पहुंची तो गांव के लोग आक्रोशित होकर विरोध करने लगे, वहीं मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष समेत पुलिस को ग्रामीणों ने दौड़ा लिया और ईट पत्थर चलाने लगे। पुलिस के वाहन का शीशा तोड़ दिया, जिसमें थानाध्यक्ष समेत 5 पुलिसकर्मी भी घायल हो गये, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस अधिकारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची, जहां 34 नामजद तथा अन्य अज्ञात पर कार्रवाई को लेकर 21 से अधिक ग्रामीणों को हिरासत में लिया गया है।
आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव में 5 जून को जिले के ही दीदारगंज थाना क्षेत्र के कुआंई से बारात आई थी, जहां उस दौरान डीजे पर डांस को लेकर गांव के ही घरातियों में विवाद हुआ, हालांकि उसके बाद सुलह-समझौता भी हो गया था। बारात वापस जाने के दो दिन बाद वाहन में तेज गति से म्यूजिक बजाने के रोकने को लेकर विवाद में गांव के दूसरे पक्ष ने उन पर हमला कर दिया। वाहन का पिछला शीशा तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीण आक्रोशित होकर पुलिस का विरोध शुरू कर दिया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब ग्रामीणों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिये। इस हमले में पुलिस की टाटा सूमो वाहन का पिछला शीशा टूटा और थाना प्रभारी समेत 5 पुलिसकर्मी भी घायल हो गये। उस घटना के दौरान नियंत्रित करने के लिए सीओ लालगंज के नेतृत्व में कई थानों की भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों के आक्रोश को लेकर पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी। जहां कार्रवाई करते हुए 21 से अधिक ग्रामीणों को हिरासत में लिया गया। इस घटना ने इलाके में तनाव की स्थिति पैदा कर दी। वहीं गंभीर रूप से घायल बरदह थानाध्यक्ष को शहर के निजी अस्पताल लाइफ लाइन में भर्ती को लेकर डॉक्टर ने बताया कि उनके सिर में गंभीर चोटें हैं, दाहिने हाथ भी फैक्चर है।
इस हमले में थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह, दो हेड कांस्टेबल सहित कुल 5 पुलिसकर्मी घायल हो गये। घायल थाना प्रभारी का हाल जानने के लिए डीआईजी सहित कई पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे। एसपी ने बताया कि बर्रा गांव में दो मजरे का मामला है। एक मजरे की इनोवा गाड़ी दूसरे मजरे से जा रही थी तभी तेज गति से म्यूजिक बजाने को लेकर हमला किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम पहुंची। गाड़ी निकाली जा रही थी तभी रात के अंधेरे में लोगों ने लाठी डंडे और पत्थरों से हमला किया। 34 नामजद समेत अन्य पर मुकदमा दर्ज किया गया है। 13 पुरुष, 8 महिला समेत कुल 21 लोगों को हिरासत में लिया गया है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, फिलहाल स्थिति वहां सामान्य है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई में जुटी है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।