मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर ग्रिल पर चढ़ती हुई तेज रफ्तार बोलेरो पलटी दो लोग गंभीर रूप से घायल एक की हुई दर्दनाक मौत
मथुरा के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। राया थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 108 के पास वृंदावन कट पर तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर ग्रिल पर चढ़ गई और पलट गई। गाड़ी चालक सहित तीन लोग सवार थे ।
घटना बीती देर रात की है। इटावा से तीन लोग बोलेरो में सवार होकर वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन के लिए जा रहे थे। गाड़ी कायम सिंह चला रहे थे। उनके साथ सहदेव और पवन कुमार सवार थे।
घायल सहदेव ने बताया कि वह इटावा जनपद के भरथना ब्लॉक के वर्ना फूलपुर ग्राम पंचायत के प्रधान हैं। वे गुरुवार शाम को घर से अपने साथियों के साथ वृंदावन बांके बिहारी दर्शन के लिए निकले थे। सहदेव ने बताया कि घर से चलने के बाद उनका सफर बहुत ही अच्छा चल रहा था लेकिन यमुना एक्सप्रेसवे पर वृंदावन कट से कुछ दूर पहले ही उनकी बोलोरो अनियंत्रित हो गई जिसके कारण बोलोरो ग्रिल के ऊपर चढ़ती हुई हाईवे पर ही पलट गई और एक बड़ा हादसा हो गया। हादसे में पवन और सहदेव गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जबकि गाड़ी चालक कायम सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई।
राया थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कौशल के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। कायम सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सभी घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं।