Type Here to Get Search Results !

सरकारी योजनाओं में लूट का अखिलेश ने किया खुलासा



    समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर हैं। इस सरकार की हर योजना में भ्रष्टाचार की एक कहानी छिपी है। हर योजना में बजट की लूट चल रही है। इस लूट में सरकार के ऊपर से नीचे तक के सभी लोग शामिल हैं। भाजपा सरकार की कमीशन खोरी और लूट के कारण महंगाई बढ़ती जा रही है।

    अखिलेश यादव ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में अस्पतालों और दवाओं का मामला हो या जल जीवन मिशन में घर-घर जल पहुंचाने की योजना हो। निर्माण कार्य हो या सड़क और एक्सप्रेस-वे योजनाएं हर जगह भारी भ्रष्टाचार है। भाजपा सरकार में हुए भ्रष्टाचार के हर दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है।

   अखिलेश यादव ने कहा कि जिस बुन्देलखंड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन प्रधानमंत्री जी ने किया था वह उद्घाटन के बाद ही उखड़ और धंस गया था। अब नया मामला गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे का है। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे प्रति किलोमीटर के हिसाब से देश का सबसे महंगा लिंक एक्सप्रेस-वे है। इसे 2022 में बनकर तैयार होना था लेकिन अभी तक पूरा नहीं हुआ। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे में सरकार का गोरखधंधा चल रहा है।

  अखिलेश यादव ने कहा कि उक्त एक्सप्रेस-वे की लागत कई गुना बढ़ चुकी है। राइडिंग क्वालिटी भी मानक के अनुसार नहीं है। यह सरकार जनता के पैसे का बड़े पैमाने पर लूट खसोट में जुटी है। पैसे का बंदरबांट हो रहा है। आम जनता को न कोई सुविधा मिल रही है और न मदद हो रही है। लोग परेशान है।

    अखिलेश यादव ने कहा कि इस सरकार में आम जनता लुट रही है। थानों और तहसील से लेकर हर स्तर पर भ्रष्टाचार पूरे सिस्टम में गहराई तक जड़ें जमा ली है। प्रदेश की जनता को बस 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार है। जनता विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाकर उत्तर प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त करने और समाजवादी सरकार बनाने का पुण्य कार्य करेगी।        

    

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad