Type Here to Get Search Results !

खजांची के बहाने अखिलेश ने सरकार को घेरा



    समाजवादी पार्टी, राज्य मुख्यालय लखनऊ में आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री  अखिलेश यादव की मौजूदगी में नोटबंदी के समय कानपुर देहात के रसूलाबाद में बैंक की लाइन में नोट बदलने के दौरान पैदा हुए खजांची का 8वां जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर  अखिलेश यादव ने खजांची को लड्डू खिलाकर जन्मदिन की बधाई दी।

    उन्होंने खजांची को साइकिल भी भेंट की। खजांची ने कविता सुनाई। बड़ी संख्या में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी खजांची को जन्मदिन की बधाई दी और उपहार भेंट किये। सभी ने खजांची के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

    इस अवसर पर  अखिलेश यादव ने कहा कि खजांची जितना बड़ा हो रहा है नोटबंदी की नाकामी उतनी ज्यादा दिखाई दे रही है। नोटबंदी दुनिया के इतिहास में सबसे बड़े आर्थिक भ्रष्टाचार के रूप में उभर कर आयी है। नोटबंदी भाजपा के भ्रष्टाचार का महासागर साबित हुई है। नोटबंदी के समय भाजपा की केन्द्र सरकार ने जितने लक्ष्य बताये थे अभी तक एक भी पूरा नहीं हुआ। नोटबंदी केवल दिखावटी बनकर रह गयी है। इसका असर स्लो प्वाइजन जैसा था। नोटबंदी ने 8 साल में किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, नौकरी पेशा, पेशेवर लोग और छोटे दुकानदार, रेहड़ी, पटरी वाले सभी को अपना शिकार बनाया। नोटबंदी की वजह से हर वर्ग को नुकसान पहुंचा है। नोटबंदी के साथ-साथ भाजपा सरकार ने जीएसटी और अन्य जितने भी फैसले लिए उसका भी लोगों को नुकसान हुआ है।

    अखिलेश यादव ने कहा कि खजांची का जन्म दिन हम लोगों से ज्यादा भाजपा को मनाना चाहिए। हम लोग खजांची का जन्म दिन इसलिए मनाते है कि जिससे भाजपा को याद आये कि उनके गलत फैसले की वजह से देश की जनता को तमाम तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा और खजांची का जन्म बैंक में हुआ। उन्होंने कहा कि कम से कम उस बैंक को खजांची की पढ़ाई-लिखाई का ध्यान रखना चाहिए था जिसमें वह पैदा हुआ था। अगर बैंक ख्याल नहीं रख पा रही है तो भाजपा को किसी न किसी योजना में शामिल करके बच्चे के भविष्य की चिंता करनी चाहिए। लेकिन भाजपा सरकार को न बच्चे के भविष्य की चिंता है और न उसकी पढ़ाई की चिंता है। खजांची के पढ़ाई और भविष्य की चिंता सिर्फ समाजवादी लोग कर रहे हैं।

    जन्मदिन कार्यक्रम के अवसर पर बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खजांची को जन्मदिन की बधाई और उपहार भेंट किया। खजांची के साथ उसकी मां समेत परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। इस मौके पर सभी को लड्डू वितरित किया गया।

          

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad