मथुरा के वृंदावन से कृष्ण गोपाल मंदिर के समीप से मुंबई की बीड पुलिस ने 300 करोड़ के गबन के आरोपी बबन विश्वनाथ शिंदे को गिरफ्तार किया हे पकड़ा गया आरोपी वृंदावन में साधु वेश में रहकर फरारी काट रहा था लेकिन वृंदावन और मुंबई पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन के बाद इसकी गिरफ्तारी हो सकी । गबन और धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहा आरोपी बबन शिंदे को गिरफ्तार कर मुंबई पुलिस ने मथुरा अदालत में पेश किया और मुंबई पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर उसे मुंबई ले गई है।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी अरविंद कुमार ने बताया कि बबन शिंदे नामक एक शख्स करोड़ों का घोटाला कर संत-महंत के भेष में वृंदावन में छिपकर रह रहा था। बबन शिंदे महाराष्ट्र में बीड जिले का रहने वाला है।
दरअसल, बबन पर आरोप है कि वो जिजाऊ महासाहेब मल्टीस्टेट बैंक के 300 करोड़ रुपए ले कर फरार हुआ था। आरोपी बबन शिंदे के खिलाफ बीड सहित धाराशिव जिले में भी केस दर्ज किए गए हैं।
आरोपी पर बीड और धाराशिव के जमाकर्ताओं से धोखाधड़ी के पांच मामले दर्ज हैं। वह तीन सौ करोड़ से ज्यादा का घोटाला कर फरार चल रहा था। पुलिस को बबन शिंदे की काफी लंबे समय से तलाश थी, जो कि गुप्त सूचना से उसकी लोकेशन का पता चलने पर पूरी हुई थी। बीड के पुलिस अधीक्षक अविनाश बार्गल के उचित निर्देश दिए जाने पर स्थानीय अपराध शाखा ने 24 सितंबर 2024 को उत्तर प्रदेश के वृंदावन कृष्ण गोपाल मंदिर क्षेत्र के एक कमरे से बबन शिंदे को गिरफ्तार कर लिया। शिंदे इस मामले में मुख्य आरोपी हैं और उनकी गिरफ्तारी से जांच में तेजी आएगी।