नगर निगम ने टैक्स के बड़े बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया। टीम ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम नेहरूनगर और रमतेराम रोड स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को सील कर दिया। ऑडिटोरियम पर 1 करोड़ 89 लाख रुपया और कॉम्प्लेक्स पर 2 करोड़ रुपया बकाया था। ऑडिटोरियम सरकारी संपत्ति है, इसके बावजूद नगर निगम ने उस पर एक्शन लेने में कोताही नहीं बरती।
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉक्टर संजीव ने बताया, पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम नेहरूनगर और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को कई दफा नोटिस जारी किए गए, परंतु बकाया जमा नहीं हुआ। इससे नगर निगम को राजस्व की हानि हो रही थी।
जिसके बाद दोनों संपत्तियों को सील कर दिया गया है। इसके अलावा 1146 दुकानों पर दो करोड़ रुपए से अधिक का टैक्स बकाया है। इन दुकानों को नोटिस दे दिया गया है। अगर ये टैक्स जमा नहीं करते हैं तो इन दुकानों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा मैसर्स रैली इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अशोक कुमार को भी बकाया टैक्स जमा करने का निर्देश दिया गया है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह ने बकाया टैक्स के संबंध में बुधवार को सभी जोन प्रभारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि बकायेदारों को पहले टैक्स देकर समय दिया जाए। इसके बावजूद टैक्स जमा नहीं होता है तो सीलिंग की कार्रवाई कर दी जाए। मेयर सुनीता दयाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि शहर के विकास के लिए वे समय पर टैक्स जमा करें।