चप्पल ने खोला हत्याकांड का राज, 3 आरोपी गिरफ्तार
कौशांबी जिले में 20 सितंबर को हुई पल्लेदार हत्याकांड का खुलासा बहुत ही नाटकीय ढंग से हुआ। दरअसल आरोपी शख्स मृतक की चप्पल पहनकर घूमने निकल पड़ा। परिजनों ने मृतक की चप्पल आरोपी के पैर में देखी तो हैरान रह गए। इसकी जानकारी उन्होंने पुलिस को दी, तो हत्याकांड का चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आरोपियों ने पुरानी रंजिश में पल्लेदार की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या की थी।
घटना सराय अकिल थाना क्षेत्र के टप्पा गांव के पास हुई थी। मृतक मोहन लाल पल्लेदार था। मोहनलाल के पिता रतऊ लाल ने बताया था कि बेटे और बहू गुड़िया देवी में विवाद हुआ था। इसके बाद वह लकड़ी लेने चला गया। दूसरे दिन सुबह उसकी लाश टप्पा गाँव के पास एक सुखी नहर में खून से लतफत मिला था। सूचना पर पहुंची सराय अकिल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजने के बाद तफ़्तीश में जुट गई थी। इस मामले में पुलिस ने पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ हा कर रही थी। लेकिन पुलिस के हाथ कुछ खास नहीं लग रहा था। इसी दौरान आरोपी इस्लाम ने बड़ी गलती कर दी, दरअसल इस्लाम मृतक मोहनलाल की चप्पल पहन कर घूमने निकल पड़ा। परिजनों की नजर जब चप्पल पर पड़ी तो वह हैरान रह गए। इसकी जानकारी परिजनों ने तुरंत पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इस्लाम को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस के अनुसार इस्लाम हबीबुर रहमान और दिनेश ने मिलकर मृतक मोहनलाल को पुरानी रंजिश में कुल्हाड़ी और चक्कू से काटकर निर्मम हत्या की थी। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। जहां से उन्हें 14 दिन की न्याय हिरासत में जेल भेज दिया गया।