भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाये जा रहे सामाजिक न्याय सप्ताह के तहत पिछड़ा वर्ग मोर्चा द्वारा महादेवा विधानसभा के गायघाट नगर पंचायत के एकता मैरेज हाल में महात्मा ज्योतिबा फुले की जयन्ती पर उनके चित्र पर पुष्पार्चन कर नमन किया गया।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष महेश शुक्ला ने कहा कि आज हम सभी के लिये गौरव की बात है कि आज हम लोग 19 वीं सदी के महान भारतीय विचारक और समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती मना रहे है।देश मे सामाजिक क्रांति के अग्रदूत रहे फुले ने गरीबों,महिलाओं,दलितों और पिछड़े वर्ग के उत्थान तथा सामाजिक जड़ताओं व कुरीतियों को दूर करने के लिये अपना जीवन समर्पित कर दिया।ऐसे महात्मा धरती पर विरले ही पैदा होते है।उनका पूरा नाम ज्योतिराव गोविंदराव फुले था।उनका परिवार कई पीढ़ी पहले सतारा से पुणे आकर फूलों के गजरे आदि बनाने का काम करता था।माली का काम करने की वजह से ये लोग फुले के नाम से जाने जाते थे।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि ज्योतिबा फुले का जन्म 11 अप्रैल सन 1827 को महाराष्ट्र राज्य के पूना जिले में सैनी ( माली) परिवार में हुआ था। इनके पिता का नाम गोविंदराव और माता का नाम चिमनाबाई था। वह अत्यंत कुशाग्र बुद्धि के थे। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों अंधविश्वास,पाखंड, असमानता, छुआछूत, भेदभाव को मिटाने के जीवन पर्यंत संघर्ष किया। उन्होंने ऐसी विषम परिस्थितियों को जड़ से उखाड़ फेंकने का कार्य किया। उन्होंने अपनी पत्नी को पढ़ाकर सबको शिक्षित करने के उद्देश्य से विद्यालय स्थापित किया। बालिकाओं की शिक्षा पर उनका अधिकजोर था।
जिला प्रभारी अशोक सिंह ने कहा कि ज्योतिबा फुले का जीवन,उनके विचार व महान कार्य आज भी लोगों के लिये प्रेरणा के स्त्रोत बने हुये है और युगों-युगों तक प्रेरणा देते रहेंगे।
इस दौरान भाजपा मीडिया प्रभारी दिपांशु विक्रम सिंह,पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेवा,ब्लॉक प्रमुख अनिल दुबे,रामचरण चौधरी,रविन्द्र गौतम,आलम चौधरी,विधामणि सिंह,पिंटू तिवारी,अभिषेक सिंह गोलू, आदि कार्यकर्ता व पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
