संभल का उस्मान पाकिस्तान की लाहौर जेल में...खुद को सपा सांसद बर्क का रिश्तेदार बताया..
संभल के उस्मान को पाकिस्तान के लाहौर में गिरफ्तार करके जेल भेजा गया। उस्मान ने पाकिस्तानी पुलिस से खुद को सपा सांसद जियाउर्ररहमान बर्क के दादा पूर्व सांसद स्व. शफीकुर्रहमान बर्क का रिश्तेदार बताया। पाकिस्तान से जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यूपी सरकार को पत्र लिखा। जिसके बाद संभल समेत यूपी पुलिस अलर्ट हो गई है। गोपनीय तरीके से कई लोगों से पूछताछ भी की गई। उस्मान संभल में दीपा सराय मोहल्ला क्षेत्र के अजमल रोड मदीना नगर का रहने वाला है। 1990 में वह संभल से भाग गया था। पाकिस्तानी पुलिस ने उस्मान को 16 दिसंबर 2024 को गिरफ्तार किया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, विदेश जाकर उस्मान आतंकी गतिविधियों में शामिल हो गया। लेकिन यह जानकारी नहीं मिल पा रही है कि इस बीच वो कितनी बार भारत आया। उस्मान की पत्नी का नाम रजिया बेगम है। पुलिस ने अजमल रोड, मदीना नगर में गश्त बढ़ा दी है। गोपनीय तरीके से कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। उस्मान के परिवार के कुछ लोगों से उसकी जानकारी ली है। हालांकि उसकी पत्नी का पता नहीं चल रहा है। पुलिस उस्मान के किसी करीबी की तलाश में है। उस्मान के साथ कौन-कौन जुड़ा है? आतंकवादी गतिविधियों से जुड़ने के बाद वो संभल में कितना एक्टिव रहा? पुलिस इन सब बिंदुओं पर जांच कर रही है।
एसपी कृष्ण बिश्नोई ने बताया, शासन की ओर से एक पत्र आया है। दीपा सराय निवासी मोहम्मद उस्मान नाम के व्यक्ति की जांच पड़ताल की जा रही है। वो कब तक यहां पर रहा है? किस साल में वो यहां से गया है? इन सबकी जांच चल रही है। थाना पुलिस के अलावा अन्य कई पुलिस टीमों को लगाया गया है। उस्मान के पिता का नाम कुरशीद हुसैन है। उसकी हाइट 5 फुट 7 इंच है। उसकी आंखों और बालों का रंग काला है। उसके लेफ्ट अंगूठे में कट का निशान है। उसकी हेल्थ नार्मल है। वो संभल में हिंदी इंटर कॉलेज से पढ़ा है। पकड़े जाते समय उसने नार्मल कपड़े पहन रखे थे।