सहारनपुर में धूमधाम से मनाया गया दशहरे का पर्व, 50 से अधिक जगहों पर धू-धुकर जला रावण, कांग्रेस सांसद इमरान बोले, जितने राम आपके इतने ही हमारे
बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व दशहरा आज देशभर में धूमधाम से मनाया गया। सहारनपुर में भी 50 से अधिक जगह रावण दहन का कार्यक्रम किया गया। रेलवे क्वार्टर रामलीला कमेटी द्वारा भी धूमधाम से दशहरे का पर्व मनाया गया, जिसका आयोजन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एडवोकेट चन्दरजीत सिंह निक्कू (पूर्व पार्षद) द्वारा किया गया जिसमें कांग्रेस सांसद इमरान और नगर निगम महापौर डॉक्टर अजय कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यहाँ बड़ी संख्या में लोग दशहरा देखने पहुंचे। इस दौरान रावण, कुंभकरण और मेघनाथ का पुतला दहन किया गया। इस मौके पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि दशहरे त्योहार पर हम सभी को अपने अंदर की बुराइयों का त्याग कर सत्य, धर्म और मानवता की राह पर चलने का संकल्प भी लेना है। उन्होंने कहा कि राम जितने आपके हैं उतने ही हमारे भी हैं। उन्होने कहा भगवान श्री राम ऐसे आदर्श व्यक्ति हैं जो त्याग, समर्पण, न्याय, करुणा और कर्तव्य के प्रतीक के रूप में पूजे जातें हैं।
