पुलिस मुठभेड़ में 10 हजार का इनामी गोली लगने से घायल, एक फरार,
इटावा में दो बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। पकड़े गए बदमाश फ्रिंकल यादव पर गैंगस्टर, लूट जैसे कई मुकदमें दर्ज हैं। दूसरा बदमाश सोनू यादव पुलिस पर फायर करके भागने में सफल हो गया। थाना चौबिया पुलिस की आगरा लखनऊ-एक्सप्रेस-वे के पास नहर पुल पर मुठभेड़ हुई। गिरफ्तार बदमाश के पास से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा, दो खोखा कारतूस, एक बाइक अपाचे बरामद हुई। फ्रिंकल दस हजार का इनामी बदमाश बताया जा रहा है।
एसएसपी इटावा संजय कुमार वर्मा ने बताया कि देर रात थाना चौबिया पुलिस लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे के पास गस्त कर रही थी। तभी पुलिस को सूचना मिली कि जनपद कन्नौज से वांछित चल रहे आरोपी फ्रिंकल यादव पुत्र भजन लाल निवासी थाना सौरिख जिला कन्नौज और उसका एक साथी इटावा की ओर भागे हैं। ऐसी सूचना पर पुलिस ने देखा कि नहर पुल के पास दो लोग एक बाइक पर कहीं भागने की फिराक में खड़े हुए थे। तभी पुलिस ने उनको रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। अपने बचाव में पुलिस ने भी फायरिंग की जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। जिससे बदमाश घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं दूसरा साथी सोनू यादव पुत्र शिवराज सिंह थाना चौबिया पुलिस पर फायर करके अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गया।
पुलिस ने जब घायल बदमाश से पूछताछ की तो पता चला कि फ्रिंकल यादव कई मामलों में जिला कन्नौज से वांछित चल रहा है और 10 हजार का इनामिया भी है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया है कि थाना चौबिया पुलिस को सूचना मिली थी कि कन्नौज से बदमाश इटावा की तरफ भागे हैं। जब चौबिया पुलिस ने इनको नहर पुल के पास से भागते हुए देखा तो इनको रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। अपने बचाव में पुलिस ने फायर किए जिसमे इनामिया फ्रिंकल यादव के पैर में गोली लग गई। बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।